मुंबई, महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा है कि राज्य सरकार बड़ी परियोजनाओं के समान ही लघु एवं मझोले उद्यमों तथा स्टार्टअप इकाइयों का ‘लाल कालीन’ बिछाकर स्वागत करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद राज्य को वैश्विक वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) केंद्र में बदलना है। सामंत ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर-मुंबई और अखिल भारतीय उद्योग संघ (एआईएआई) द्वारा 8-10 अगस्त 2024 तक डब्ल्यूटीसी मुंबई में आयोजित ‘फिनटेक: डिजिटल क्रांति में तेजी’ विषय पर नौवें वैश्विक आर्थिक शिखर सम्मेलन में एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। आयोजकों द्वारा जारी बयान के अनुसार इस अवसर पर मंत्री ने कहा “फिनटेक ने वित्तीय सेवा क्षेत्र में क्रांति ला दी है और इसमें एमएसएमई और स्टार्टअप क्षेत्रों को समर्थन देने की क्षमता है। हमारी सरकार मुंबई को वैश्विक फिनटेक केंद्र में बदलने के प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करेगी।” उन्होंने कहा “महाराष्ट्र सरकार एमएसएमई और स्टार्टअप परियोजनाओं के लिए वैसे ही लाल कालीन बिछाएगी जैसा बड़ी परियोजनाओं के लिए किया जाता है क्योंकि सूक्ष्म लघु और मझोले उद्यम (एमएसएमई) हमारी अर्थव्यवस्था के स्तंभ हैं। यदि भारत अगले कुछ वर्षों में पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखता है तो इस लक्ष्य में महाराष्ट्र एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य के साथ महत्वपूर्ण योगदान देगा।” उन्होंने रुग्ण इकाइयों विशेषकर महाराष्ट्र में एमएसएमई को फिर खड़ा करने की सरकार की मंशा व्यक्त की और इस पहल में डब्ल्यूटीसी मुंबई और एआईएआई से सहयोग मांगा।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common