एमवीए नेताओं के दिमाग की जांच कराने की जरूरत: चंद्रकांत पाटिल

औरंगाबाद, भारतीय जनता पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में ‘‘महाविकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार के नेताओं के दिमाग की जांच कराए जाने की जरूरत’’ है।

पाटिल महाराष्ट्र के मंत्री और कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार द्वारा दिए गए इस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अपनी पार्टी के सहयोगी देवेंद्र फडणवीस को ‘सबक सिखाना’ चाहते थे।

वडेट्टीवार ने बृहस्पतिवार को नांदेड़ में आयोजित एक चुनावी रैली के दौरान यह दावा किया। हालांकि, गडकरी ने खुद इस बात से इनकार किया कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ कभी कुछ भी कहा था।

वडेट्टीवार के दावे के बारे में पूछे जाने पर पाटिल ने मराठवाड़ा क्षेत्र के परभणी जिले में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा, ‘एमवीए नेताओं के दिमाग की जांच करने की आवश्यकता है। नितिन गडकरी हमारे मार्गदर्शक हैं और हम सभी की परवाह करते हैं। वह पार्टी और उसकी विचारधारा के प्रति वफादार हैं। मुझे नहीं पता कि वडेट्टीवार ने यह अध्ययन कहां से किया।’

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Getty Images

%d bloggers like this: