एशियाई खेलों में भारत के अब तक के सबसे अच्छे प्रदर्शन का भरोसा है साथियान को

पणजी, भारतीय टेबल टेनिस टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी जी साथियान का मानना है कि टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन संयोजन है और सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियाई खेलों में टीम अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।

पिछले वर्ष शरत कमल के संन्यास लेने के बाद 33 वर्षीय साथियान पर अब उस टीम का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी होगी जिसमें पायस जैन और सिंड्रेला दास जैसे युवा खिलाड़ी शामिल हैं।

अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के दौरान पीटीआई से बातचीत में साथियान ने कहा ‘‘करीब एक दशक तक मैं शरत कमल के साथ टीम में खेला और उनसे बहुत कुछ सीखा है। उनकी सबसे बड़ी खूबी यह थी कि उन्होंने कभी उम्र के अंतर को हमारे बीच नहीं आने दिया और यही बात मैंने उनसे सीखी। ’’

उन्होंने कहा ‘‘युवा खिलाड़ियों से जुड़ना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अपने विचार साझा करें लेकिन उनकी भी सुनें। उन्हें अपनी शैली में खेलने और अपनी पसंद के अनुसार आगे बढ़ने की पूरी आजादी दें। ’’

साथियान ने कहा ‘‘वरिष्ठ खिलाड़ी होने के नाते और युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने की जिम्मेदारी के कारण दबाव जरूर है लेकिन हम इसी तरह की चुनौतियों के लिए खेलते आए हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि मानव ठक्कर मानुष शाह हरमीत देसाई और पायस जैन के साथ हमारे पास युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार संयोजन है। ’’

उन्होंने कहा ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि हम एशियाई खेलों में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। हालांकि टीम में शरत का होना हमेशा खास रहा क्योंकि वह हमारे ऊपर से दबाव कम कर देते थे और टीम को बहुत सहज तरीके से आगे बढ़ाते थे। ’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: