एसजीपीसी ने कांग्रेस पर सिख प्रार्थना को विकृत करने का आरोप लगाया

अमृतसर, शिरोमणि गुरद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी ने बुधवार को कांग्रेस पर ‘‘राजनीतिक हितों’’ के चलते सिख प्रार्थना को विकृत करने का आरोप लगाया।

एसजीपीसी ने इस संबंध में पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत भी दर्ज करायी।

एसजीपीसी प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस ने सिख प्रार्थना की अंतिम पंक्तियों में छेड़छाड़ की और उसे अपने ‘निजी एवं राजनीतिक हितों’ की खातिर बदले हुए रूप में उपयोग किया।

सिख प्रार्थना या ‘‘अरदास’’ की आखिरी पंक्ति का मतलब है कि ‘‘ नानक , आपके नाम एवं आशीर्वाद से दुनिया में सभी तरक्की करे और शांति के साथ रहे। ’’

धामी ने एसजीपीसी के बयान में दावा किया, ‘‘ कांग्रेस पार्टी ने सिख शब्दावली के साथ छेड़छाड़ की और कई स्थानों पर अपने होर्डिंग बोर्डों में आपत्तिजनक सामग्री डाली एवं उसे आज पंजाब कांग्रेस के ट्विटर हैंडल पर भी पोस्ट कर दिया। ’’

धामी ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने निंदनीय कार्य किया है, जिससे ‘संगत’ में असंतोष पैदा हो गया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: