भुवनेश्वर, ओडिशा विधानसभा का मानसून सत्र 18 सितंबर से शुरू होगा। राज्य विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अनंतिम कैलेंडर से यह जानकारी सामने आई है। मानसून सत्र 18 सितंबर से शुरू होगा और 25 सितंबर तक जारी रहेगा। 21 सितंबर को रविवार होने के कारण एक दिन का अवकाश रहेगा। संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने बताया कि 18 से 25 सितंबर के बीच छह आधिकारिक कार्य दिवस एक गैर-सरकारी कामकाज दिवस और एक गैर-बैठक दिवस होगा।
मंत्री ने कहा “सरकार विपक्ष और उनके मुद्दों का सामना करने के लिए तैयार है। राज्य हित के कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।”बालासोर बरगढ़ केंद्रपाड़ा और पुरी जिले के बलंगा में महिलाओं व लड़कियों के आत्मदाह की घटनाओं की पृष्ठभूमि में यह सत्र हंगामेदार रहने की संभावना है।
विपक्षी कांग्रेस ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के मद्देनजर मोहन चरण मांझी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की योजना बनाई है। हालांकि मुख्य विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) ने अब तक कांग्रेस के प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया है लेकिन पार्टी ने राज्य में महिलाओं के आत्मदाह करने की घटनाओं की न्यायिक जांच की भी मांग की है जिसमें गंजम जिले के गोपालपुर में कॉलेज की एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना भी शामिल है।
दोनों विपक्षी दलों ने आत्मदाह के सभी मामलों में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने कहा कि क्षेत्रीय पार्टी सत्र के दौरान महिला उत्पीड़न छात्र आत्मदाह की घटनाओं और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दे उठाएगी। उन्होंने कहा “मुख्य विपक्षी दल होने के नाते बीजद पिछले 14 महीनों में सरकार की तथाकथित उपलब्धियों पर भी बयान मांगेगी।”
कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बहिनीपति ने कहा कि महिलाओं के आत्मदाह की कई घटनाओं के सामने आने से बने हालात के शांत होने के बाद सरकार विधानसभा सत्र बुलाने पर सहमत हुई है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्र के दौरान ‘वोट चोरी’ से जुड़े मुद्दे भी उठाएगी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common