कम दबाव के कारण प. बंगाल में व्यापक बारिश होने की संभावना: आईएमडी

कोलकाता कम दबाव का एक क्षेत्र बनने की संभावना के कारण पश्चिम बंगाल में एक जुलाई तक व्यापक बारिश होगी तथा कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग ने यह अनुमान जताया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है।

विभाग ने कहा कि अनुकूल हवा के रुख और बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण 27 से 30 जून तक उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि दक्षिण बंगाल में पुरुलिया बांकुरा पश्चिम बर्दवान पूर्व और पश्चिम मिदनापुर झाड़ग्राम दक्षिण 24 परगना जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा कि 28 जून को उत्तर बंगाल के जिलों दार्जिलिंग कलिम्पोंग जलपाईगुड़ी अलीपुरद्वार कूचबिहार उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में भारी बारिश होने की संभावना है तथा जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने कहा कि ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों और बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में 35 से 45 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से सतही हवा चलने चलने की संभावना है जिसकी गति बढ़कर 55 किलोमीटर प्रतिघंटे हो सकती है। विभाग ने कहा कि समुद्र के अशांत होने की चेतावनी देते हुए आईएमडी ने मछुआरों को बृहस्पतिवार तक पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट और बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: