करीब तीन साल के बाद नेपाल और चीन के बीच एक प्रमुख व्यापार मार्ग खुला

काठमांडू, 28 दिसंबर (भाषा) कोविड-19 महामारी के कारण करीब तीन वर्षों तक बंद रहने के बाद नेपाल और चीन के बीच प्रमुख सीमा पारगमन मार्गों में से एक से बुधवार को औपचारिक तौर पर द्विपक्षीय व्यापार दोबारा शुरू हो गया।

‘काठमांडू पोस्ट’ अखबार ने ल्हासा स्थित वाणिज्य दूतावास के महावाणिज्य दूत नवाज़ ढकाल के हवाले से कहा कि केरूंग-रसुवागढ़ी सीमा से व्यापार की आधिकारिक शुरुआत के मौके पर बुधवार को एक समारोह का आयोजन किया गया था। हालांकि मंगलवार से ही चीन को निर्यात शुरू हो गया था। इसकी औपचारिक रूप से शुरुआत 1961 में हुई थी।

नेपाल में चीनी दूतावास ने इस समारोह की तस्वीर जारी की और बयान जारी करके कहा कि चीन पड़ोसी देश नेपाल से कुछ और सामानों के आयात की दिशा में काम कर रहा है ।

बयान में कहा गया है कि नेपाली सामान से भरे छह मालवाहक ट्रक इस शहर से होकर चीन में प्रवेश किये।

अखबार ने अपनी रिपोर्ट में रसुवा कस्टम के प्रमुख नारायण प्रसाद भंडारी के हवाले से कहा है कि मंगलवार को नेपाल की ओर से 50 लाख रुपये का सामान निर्यात किया गया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : https://twitter.com/ani_digital/status/1542778929760862208/photo/1

%d bloggers like this: