श्रीनगर, कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में रातभर मध्यम से भारी बारिश हुई जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की सूचना है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पर्यटन स्थल गुलमर्ग और सोनमर्ग समेत कई स्थानों पर रात के दौरान बर्फबारी हुई।
इसके अलावा गुरेज और कुपवाड़ा के ऊपरी इलाकों के साथ-साथ जोजिला दर्रे और दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से गुजरने वाले मुगल रोड पर भी बर्फबारी की सूचना है। अधिकारियों ने बताया कि यातायात बहाल करने के लिए प्रशासन ने विभिन्न महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है।
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हुई जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही।
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि बारामूला में 49.5 मिलीमीटर गुलमर्ग में 40.6 मिलीमीटर और कुपवाड़ा में 37.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
विभाग के अनुसार मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है लेकिन अगले 24 घंटों के दौरान छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि 15 से 21 नवंबर तक मौसम के सामान्यत: शुष्क रहने के आसार हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common