कांग्रेस के आर्थिक मॉडल ने कर्नाटक को दिवालिया होने की कगार पर पहुंचा दिया: तेजस्वी सूर्या

मुंबई, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता तेजस्वी सूर्या ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की आर्थिक नीतियों ने कर्नाटक को दिवालिया होने की कगार पर पहुंचा दिया है। सूर्या ने महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के तहत भाजपा के लिए प्रचार करते हुए यह टिप्पणी की। भाजपा सांसद ने दावा किया कि कर्नाटक गंभीर वित्तीय अस्थिरता का सामना कर रहा है। सूर्या ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा ‘‘यह कर्नाटक में कांग्रेस द्वारा तैयार किया गया एक गैरजिम्मेदार आर्थिक मॉडल है। राज्य अब दिवालियापन और आर्थिक अराजकता की कगार पर खड़ा है। सार्वजनिक धनराशि को लेकर सरकार की नीतियां आर्थिक संकट पैदा कर रही हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि पिछली भाजपा सरकार ने कर्नाटक में 20 000 करोड़ रुपये का राजस्व अधिशेष बजट पेश किया था। हालांकि कांग्रेस की राजकोषीय अनुशासनहीनता और कुशासन के कारण पिछले दो वर्षों में 12 000 करोड़ रुपये का राजस्व घाटा हुआ है। भाजपा की युवाई इकाई के अध्यक्ष ने महाराष्ट्र के लोगों को आगाह किया कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो इससे खतरा हो सकता है। सूर्या ने दावा किया कि कर्नाटक सरकार का महिलाओं को 2 000 रुपये मासिक भत्ता देने का वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ है जिसके कारण लाभार्थियों को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सूर्या ने दावा किया कि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने भी हाल ही में बुनियादी ढांचे के रखरखाव के लिए धन की कमी की बात स्वीकार की है। सूर्या ने कहा ‘‘उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने सार्वजनिक रूप से दो बार स्वीकार किया है कि राज्य के पास बेंगलुरु में गड्ढों की मरम्मत के लिए पैसे नहीं हैं। शिवकुमार के बगल में बैठे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इस चिंता को स्वीकार किया है।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: