कांग्रेस के पूर्व सांसद मोहिंदर सिंह केपी शिअद में शामिल

चंडीगढ़  कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व संसद सदस्य मोहिंदर सिंह केपी सोमवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) में शामिल हो गए।  शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल  मोहिंदर को पार्टी में शामिल कराने के लिए जालंधर स्थित उनके आवास पर गए। बादल ने इस अवसर पर जालंधर (सुरक्षित) लोकसभा सीट से केपी को शिअद उम्मीदवार बनाने की भी घोषणा की। 

कांग्रेस के लिए गत दो दिन में यह दूसरा झटका है। इससे पहले दिवंगत कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी की पत्नी करमजीत कौर भी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई थीं।  केपी पंजाब के दोआबा क्षेत्र के प्रमुख दलित नेता हैं और वह 1992 और 1995 में कांग्रेस सरकार में मंत्री थे। वह 2009 में जालंधर लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए और 2014 में होशियारपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। 

केपी 1985  1992 और 2002 में तीन बार जालंधर दक्षिण से विधायक निर्वाचित हुए। उन्हें 2017 के विधानसभा चुनाव में शिअद नेता पवन कुमार टिनू से आदमपुर सीट पर हार का सामना करना पड़ा। 

केपी के पास समृद्ध राजनीतिक विरासत है। उनके पिता दर्शन सिंह केपी जालंधर से पांच बार विधायक निर्वाचित हुए जिनकी हत्या 1992 में आतंकवादियों ने कर दी थी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: