कांग्रेस नेता शशि थरूर ने मुंबई आतंकवादी हमलों के आरोपी राणा के प्रत्यर्पण का स्वागत किया

अहमदाबाद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने 2008 में मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा के प्रत्यर्पण का स्वागत किया और कहा कि इन हमलों की साजिश से जुड़े हर व्यक्ति को न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा। अमेरिका के उच्चतम न्यायालय द्वारा राणा (64) का आवेदन खारिज किए जाने के बाद प्रत्यर्पण से बचने का उसका आखिरी प्रयास विफल रहा और अब उसे भारत लाया जा रहा है।

वह पाकिस्तान में जन्मा कनाडाई नागरिक है और 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी है। थरूर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा ‘‘यह अच्छी बात है कि हम कम से कम एक व्यक्ति को प्रत्यर्पित कराने में सफल रहे। वर्ष 2008 में 26 नवंबर को मुंबई में हुआ आतंकी हमला हमारे देश के लिए एक भयावह घटना थी जिसमें 166 लोगों की मौत हो गई थी। उस साजिश से जुड़े हर व्यक्ति को न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना होगा।’’

थरूर ने कहा ‘‘मैं वास्तव में उम्मीद कर रहा हूं कि जांच और पूछताछ के जरिए हम इस बारे में और जानकारी हासिल कर पाएंगे कि क्या हुआ था कैसे हुआ था और साथ ही इस व्यक्ति को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। जो हुआ वह वाकई भयानक था।’’

केरल से कांग्रेस सांसद ने कहा कि इन हमलों का एक अन्य प्रमुख साजिशकर्ता डेविड कोलमैन हेडली अभी भी भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की गिरफ्त से बाहर है। उन्होंने कहा ‘‘मुझे लगता है कि भारत के लोगों के लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम इस मामले को बंद करने की दिशा में कुछ प्रगति करें। वह व्यक्ति डेविड कोलमैन हेडली अभी भी अमेरिका में है। हमें वास्तव में इस मामले की तह तक जाने की जरूरत है।’

’ कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें इस समय बुरा लग रहा है क्योंकि 1985 के एयर इंडिया बम विस्फोट के पीड़ित अभी भी न्याय का इंतजार कर रहे हैं। थरूर ने कहा ‘‘देखते हैं कि हमें इसमें न्याय कब मिल पाता है।’’छब्बीस नवंबर 2008 को 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों के एक समूह ने अरब सागर में समुद्री मार्ग का उपयोग करके भारत की वित्तीय राजधानी में घुसने के बाद सीएसएमटी दो होटलों और एक यहूदी केंद्र पर हमला किया था। हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: