गोंदिया (महाराष्ट्र), केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस पर घाटे वाली परियोजनाएं शुरू करने गांवों की उपेक्षा करने तथा सत्ता में रहने के दौरान देश को वास्तविक विकास से वंचित रखने का आरोप लगाया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को ‘‘गलत नीतियों और भ्रष्ट सरकार’’ के कारण नुकसान उठाना पड़ा है। गडकरी ने देश में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सराहना की। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार राजकुमार बडोले के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए गोंदिया जिले के सडक अर्जुनी में एक जनसभा को संबोधित किया। गडकरी ने कहा ‘‘भारत के इतिहास में अगर कोई ऐसा नेता है जिसने ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ के तहत देश के 6.5 लाख गांवों में से 3.5 लाख गांवों में सड़क सम्पर्क को मजबूत करने का काम किया तो वह अटल बिहारी वाजपेयी हैं।’’ उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती (कांग्रेस के नेतृत्व वाली) सरकार ने गांवों की उपेक्षा की। उन्होंने होटल स्टील कारखाने बिजली परियोजनाएं और एयरलाइन शुरू कीं लेकिन सभी घाटे में चली गईं और अब वे नीलामी के कगार पर हैं। सारा पैसा डूब गया। भाजपा नेता ने कहा कि अगर उन्होंने इस धन का इस्तेमाल गांवों में सड़कें सिंचाई सुविधाएं स्कूल अस्पताल पशु चिकित्सालय बनाने में किया होता तो आज स्थिति अलग होती। उन्होंने कहा ‘‘गलत नीतियों और भ्रष्ट (कांग्रेस नीत) सरकार के कारण हमें नुकसान उठाना पड़ा।’’ गडकरी ने 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के उस ‘‘दुष्प्रचार’’ की भी निंदा की कि भाजपा देश के संविधान को बदल देगी। उन्होंने दावा किया ‘‘यह कांग्रेस ही थी जिसने संविधान को नष्ट कर दिया।’’ गडकरी ने कहा कि जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी रायबरेली से चुनी गई थीं तो उनके खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक रिट याचिका दायर की गई थी और उच्च न्यायालय ने उनके चुनाव को अवैध घोषित कर दिया था। मंत्री ने कहा कि इसके बाद कांग्रेस ने अपने हितों के लिए ‘‘संविधान को नुकसान’’ पहुंचाया। गडकरी ने पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’ और देश को ‘‘विश्व गुरु’’ बनाने की वकालत की। उन्होंने उद्योगों व्यवसायों और कृषि के विकास के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा पर जोर दिया। मंत्री ने गोंदिया में ‘‘डबल इंजन’’ सरकार (केंद्र और महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार) द्वारा किए गए विकास कार्यों और प्रस्तावित परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common