तिरुवनंतपुरम, केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश एवं तेज हवाओं का दौर जारी रहा जिसकी वजह से कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिर गईं जिससे वाहनों तथा संपत्तियों को नुकसान पहुंचा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज के लिए राज्य के आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
सप्ताहांत के दौरान और अधिक भारी बारिश होने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने शनिवार के लिए पांच जिलों (मलप्पुरम कोझिकोड वायनाड कन्नूर और कासरगोड) में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रविवार के लिए मलप्पुरम कोझिकोड और वायनाड में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए राज्य के एर्णाकुलम त्रिशूर पलक्कड़ मलप्पुरम कोझिकोड वायनाड कन्नूर और कासरगोड जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के शेष छह जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारी बारिश के कारण कोच्चि निगम के अंतर्गत आने वाले कई निचले इलाकों में जलभराव होने के साथ बाढ़ जैसी स्थिति बन गई जिसके बाद निगम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।
कोझिकोड में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कुछ इमारतों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं और पेड़ों की शाखाएं गिर गईं जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग ने यह भी कहा कि इन जिलों के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने तथा 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
रेड अलर्ट से मतलब है कि 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक की अत्यधिक भारी बारिश होने से है जबकि ऑरेंज अलर्ट का मतलब 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक की बहुत भारी बारिश और येलो अलर्ट का अर्थ छह सेंटीमीटर से 11 सेंटीमीटर के बीच भारी बारिश के होने से होता है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common