केरल : गायिका चित्रा की आलोचना करने वाले गायक से फोन पर गाली-गलौज करने का आरोपी गिरफ्तार

तिरुवनंतपुरम, केरल पुलिस ने गायिका के.एस.चित्रा की आलोचना करने वाले गायक सूरज संतोष से कथित तौर पर फोन पर दुव्यर्वहार करने के आरोपी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। 

संतोष ने राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित चित्रा (60)की उनके उस वीडियो संदेश के लिए आलोचना की थी जिसमें उन्होंने 22 जनवरी को अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन ‘रामनाम जप’ करने और घरों में दीये जलाने की अपील की थी। 

चित्रा की आलोचना के बाद स्वयं साइबर जगत में निशाने पर आए संतोष की शिकायत पर पुलिस ने केरल के कासरगोड जिले के मूल निवासी आरोपी को पूजाप्पुरा पुलिस थाने के समक्ष पेश होने का नोटिस जारी किया था। 

एक अधिकारी ने बताया कि कासरगोड का रहने वाला आरोपी आज पुलिस थाना आया,जिसकी गिरफ्तारी दिखाई गई और बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 294 (अश्लील शब्दों का उपयोग) और 506 (आपराधिक धमकी) और केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120 (ओ) (संचार के किसी भी माध्यम से उपद्रव करना) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

हाल में चित्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया मंच पर प्रसारित हुआ था जिसमें उन्होंने सभी से (22 जनवरी को) प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर ‘श्री राम, जय राम, जय जय राम’ जपने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से उस दिन शाम को अपने घरों में पांच दीये जलाने का भी आह्वान किया था।

गायिका ने अपना संदेश संस्कृत श्लोक ‘लोक समस्त सुखिनो भवंतु’ के साथ समाप्त किया जिसका मतलब है कि ईश्वर सभी पर अपनी कृपा बनाये रखें। लेकिन गायिका का यह वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर एक वर्ग को पसंद नहीं आया जिसने इस अपील को लेकर उनकी कड़ी आलोचना की।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: