नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोंकण रेलवे द्वारा क्षेत्र के पूरे मार्ग के विद्युतीकरण का काम सौ प्रतिशत पूरा होने पर बुधवार को उसकी सराहना की और कहा कि यह उपलब्धि सतत विकास का नया प्रतिमान तय करती है।
कोंकण रेल निगम ने मंगलवार को कहा कि उसने महाराष्ट्र के रोहा और कर्नाटक के ठोकुर के बीच 741 किलोमीटर रेल मार्ग के विद्युतीकरण का काम पूरा कर लिया है।
एक बयान में कोंकण रेलवे ने कहा कि विद्युतीकरण से ईंधन पर खर्च होने वाले 150 करोड़ रुपये बचाये जा सकेंगे और साथ ही इससे प्रदूषण रहित तथा निर्बाध रेल प्रचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मिशन सौ प्रतिशत विद्युतीकरण की उत्कृष्ट सफलता और सतत विकास का एक नया प्रतिमान स्थापित करने के लिए कोंकण रेलवे की पूरी टीम को बधाई।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons