कोविड-19: संसद के सभी कर्मचारी अब घर से करेंगे काम

नयी दिल्ली, राजधानी दिल्ली में कोविड-19 के बढ़ते मामलों और इसके मद्देनजर लागू किए गए लॉकडाउन को देखते हुए संसद के सभी कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा गया है। इस सिलसिले में रविवार को लोकसभा सचिवालय ने एक आदेश भी जारी कर दिया।

राज्यसभा सचिवालय ने कुछ दिनों पहले ही ऐसा ही आदेश जारी किया था।

इन आदेशों के मुताबिक, ‘‘संसद में काम करने वाले सभी कर्मचारी अब घर से काम करेंगे। हालांकि यह काम की अनिवार्यता पर निर्भर करेगा।’’

लोकसभा सचिवालय ने अपने आदेश में कहा, ‘‘कोविड-19 के बढ़ते मामलों और दिल्ली में बढ़ाए गए लॉकडाउन को देखते हुए, सक्षम प्राधिकारी ने निर्णय लिया है कि लोकसभा सचिवालय के सभी श्रेणी के कर्मचारी घर से काम करेंगे।’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को राजधानी में लॉक्डाउन की सीमा एक और सप्ताह के लिए बढ़ा दी। उन्होंने बताया कि राजधानी में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और पिछले कुछ दिनों में इसकी दर में भी वृद्धि हुई है।

हालांकि सरकारी कर्मचारियों और आवश्यक सेवाओं को इसमें छूट दी गई है।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: