चीन ने नेपाल के सभी वर्गों से स्थिरता बहाल करने का आग्रह किया

बीजिंग, चीन ने नेपाल के सभी वर्गों से घरेलू मुद्दों को उचित तरीके से संभालने और सामाजिक व्यवस्था एवं स्थिरता बहाल करने का आग्रह किया। नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के कारण प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने यहां एक प्रेस वार्ता में नेपाल के हालात पर पहली बार टिप्पणी करते हुए कहा ‘‘चीन और नेपाल पारंपरिक रूप से मित्रवत पड़ोसी हैं।’’

उन्होंने एक सवाल पर कहा हमें उम्मीद है कि नेपाल के सभी वर्ग घरेलू मुद्दों को उचित ढंग से संभालेंगे सामाजिक व्यवस्था और क्षेत्रीय स्थिरता को यथाशीघ्र बहाल करेंगे।

हालांकि लिन ने ओली के इस्तीफे पर कोई टिप्पणी नहीं की जिन्हें चीन समर्थक नेता माना जाता है। ओली ने चीन के साथ नेपाल के रणनीतिक संबंधों को गहरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

ओली हाल में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन और द्वितीय विश्व युद्ध में जापान पर विजय की याद में तीन सितंबर को आयोजित सैन्य परेड में हिस्सा लेने के लिए चीन आए थे। ओली ने नेपाल में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के बाद मंगलवार को इस्तीफा दे दिया।

भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ सोमवार को हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई में 19 लोगों की मौत के लिए ओली के इस्तीफे की मांग को लेकर सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के उनके कार्यालय में घुसने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। सोशल मीडिया पर प्रतिबंध सोमवार रात हटा लिया गया। हालांकि उनके इस्तीफे के बाद भी प्रदर्शन जारी रहे। नेपाल में चीनी नागरिकों की सुरक्षा के बारे में लिन ने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

उन्होंने बताया कि चीन ने नेपाल में अपने नागरिकों से अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि नेपाल स्थित चीनी दूतावास ने एक आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था शुरू की है और नेपाल से चीनी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।

उन्होंने कहा चीनी संस्थानों और नागरिकों को स्थिति पर कड़ी नजर रखने सुरक्षा के लिए गंभीर कदम उठाने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी जाती है। लिन ने कहा कि आपात स्थिति में उन्हें नेपाल स्थित चीनी दूतावास से संपर्क करना चाहिए।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: