नयी दिल्ली, भारतीय नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन ने कहा कि नौसेना को पता है कि चीन पाकिस्तान को पनडुब्बियां दे रहा है। उन्होंने कहा कि नौसेना स्थिति पर नज़र रख रही है तथा देश की समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है।
नवाचार और स्वदेशीकरण पर आधारित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम ‘स्वावलंबन 2025’ से पहले यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने यह भी माना कि चीन ने अपने तीसरे विमानवाहक पोत ‘फुजियान’ को नौसेना बेड़े में शामिल कर लिया है।
विद्युत-चुंबकीय प्रक्षेपण प्रणाली (‘इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कैटापल्ट’) से युक्त इस युद्धपोत को चीन का सबसे आधुनिक पोत बताया जा रहा है। पोत को इस महीने की शुरुआत में एक गोपनीय कार्यक्रम के दौरान सेवा में शामिल किया गया था। उस कार्यक्रम में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी मौजूद थे।
चीन द्वारा पाकिस्तान को पनडुब्बियां और दूसरे सैन्य उपकरण देने के बारे में पूछे जाने पर उप नौसेना प्रमुख ने कहा ‘‘यह सच है और हमें इसकी पूरी जानकारी है। हमें पता है कि वे (चीन) उन्हें (पाकिस्तान को) पनडुब्बियां दे रहे हैं इनकी तैनाती बहुत जल्द शुरू होगी। हम हर स्थिति पर नज़र रख रहे हैं।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common