जर्मनी, इटली ने इतालवी गिरोह पर कसा शिकंजा

बर्लिन, इतालवी ‘नद्रंघेटा संगठित अपराध सिंडिकेट’ के सदस्यों पर शिकंजा कसने के लिये पुलिस ने बुधवार तड़के पूरे जर्मनी और इटली में घरों में छापेमारी की और संदिग्धों को गिरफ्तार किया।  सुरक्षा अधिकारियों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि जर्मनी में बवेरिया, नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया, राइनलैंड-पैलेटिनेट और थुरिंगिया प्रांतों में एक हजार से अधिक अधिकारियों ने कई घरों, कार्यालयों और दुकानों की तलाशी ली।

            बयान के अनुसार इटली में, काराबेनियरी पुलिस ने 108 लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया, जिन पर माफिया से जुड़े होने, नशीले पदार्थों को रखने, उनके उत्पादन एवं तस्करी, हथियार रखने और धनशोधन के आरोप हैं।   

            हाल के वर्षों में, यूरोपीय अधिकारी कैलाब्रिया स्थित ‘नद्रंघेटा’ के खिलाफ एक अभियान चला रहे हैं, जो यकीनन दुनिया का सबसे अमीर संगठित अपराध समूह है। जर्मनी में ऐसे 30 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया जिनके खिलाफ पूर्व में वारंट जारी थे।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: