जी7 देशों ने ओमान तट के पास तेल टैंकर पर हुए हमले की निंदा की, ईरान को जिम्मेदार ठहराया

बर्लिन, विश्व के सात प्रमुख औद्योगीकृत देशों के समूह ‘जी 7’ ने पिछले हफ्ते अरब सागर में एक तेल टैंकर पर हुए हमले की शुक्रवार को एक सुर में निंदा की और कहा कि साक्ष्यों से संकेत मिलता है कि इस घटना के पीछे ईरान का हाथ था।

उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई को ओमान तट के पास एच वी मेर्सर स्ट्रीट नाम के तेल टैंकर पर हुए कथित ड्रोन हमले में जहाज के चालक दल के दो सदस्य मारे गये थे, जिनमें एक रोमानियाई और एक ब्रिटिश नागरिक शामिल थे।

ब्रिटेन,कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और अमेरिका के विदेश मंत्रियों ने एक संयुक्त बयान में कहा, ‘‘हम वाणिज्यिक जहाज पर किये गये अवैध हमले की निंदा करते हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह एक जानबूझ कर किया गया और लक्षित हमला था तथा अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। सभी उपलब्ध साक्ष्य स्पष्ट रूप से ईरान की ओर इशारा करते हैं। ’’

हालांकि, ईरान ने इस हमले में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: