नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरकार की ‘डिजिटल इंडिया’ पहल की सराहना करते हुए बुधवार को कहा कि इसने शासन के तौर-तरीकों को नया स्वरूप दिया नागरिकों को सशक्त बनाया और जीवन के हर पहलू को प्रभावित कर सर्वांगीण विकास को गति दी है। मोदी ने कहा कि ‘डिजिटल इंडिया’ के 11 वर्ष ने भारत को दुनिया में नयी पहचान दिलाई है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘‘आज डिजिटल इंडिया पहल की शुरुआत के 11 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
इस पहल ने शासन के तौर-तरीकों को नया स्वरूप दिया नागरिकों को सशक्त बनाया और सर्वांगीण विकास को गति दी है। इसने जीवन के हर पहलू को प्रभावित किया है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि सुगम डिजिटल भुगतान और पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों तक प्रत्यक्ष लाभ अंतरण से लेकर विस्तृत होती डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना तक प्रौद्योगिकी लोगों का जीवन आसान बनाने का एक सशक्त माध्यम बन गई है।
उन्होंने कहा ‘‘डिजिटल इंडिया ने नवोन्मेष की लहर को देश के हर हिस्से विशेषकर गांवों और ‘टियर-2’ और ‘टियर-3’ के शहरों तक पहुंचाया है।’’ मोदी ने कहा कि देश के हर कोने के युवा उद्यमी स्टार्टअप और नवोन्मेषक दुनिया के सामने मौजूद गंभीर चुनौतियों के समाधान तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल ने शिक्षा स्वास्थ्य सेवा कृषि वाणिज्य और सार्वजनिक सेवाओं की आपूर्ति को मजबूत किया है तथा शासन को अधिक पारदर्शी प्रभावी और सुलभ बनाया है।
मोदी ने कहा कि डिजिटल क्षेत्र में सरकार की कोशिशों से यह सुनिश्चित हुआ है कि भारत कृत्रिम मेधा (एआई) सेमीकंडक्टर और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा ‘‘इससे विकास और अवसरों के नए रास्ते खुलेंगे। हमारा ध्यान ऐसा भविष्य बनाने पर केंद्रित रहेगा जिसमें प्रौद्योगिकी मानवता की सेवा करे प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाए और सतत विकास को गति दे।’’
मोदी ने कहा कि डिजिटल इंडिया विकसित और आत्मनिर्भर भारत की सशक्त नींव है तथा बीते 11 वर्ष में इसने गरीबों और वंचितों के सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही देशवासियों के जीवन को आसान बनाया है। उन्होंने कहा ‘‘ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के विस्तार से लेकर डिजिटल लेनदेन तक इस अभियान की अभूतपूर्व सफलता ने दुनियाभर का ध्यान भारत की ओर खींचा है।
मोदी ने कहा ‘‘जब एक अरब से अधिक लोग प्रौद्योगिकी को अपनाते हैं तो उसका प्रभाव परिवर्तनकारी होता है।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common