चेन्नई, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अधिकारियों को 15 विश्वविद्यालयों में कुलपतियों के चयन और नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा राज्य संचालित विश्वविद्यालयों में शिक्षण पदों की लंबे समय से लंबित रिक्तियों की समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राज्य के विश्वविद्यालयों की समस्याओं को दूर करने के लिए विजय ने सोमवार को यहां सचिवालय में उच्च शिक्षा मंत्री पी. विश्वनाथन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
अधिकारी के मुताबिक विजय ने विश्वविद्यालयों की वित्तीय स्थिति पर चर्चा की और रिक्त पदों की समस्याओं को तुरंत दूर करने की जरूरत पर बल दिया।
उन्होंने विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक स्तर को सुधारने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया।
कुलपतियों की नियुक्ति पहले भी हमेशा विवादों में रही है। पूर्व राज्यपाल आर. एन. रवि ने पूवर्वर्ती द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सरकार की ओर से सुझाए गए कुलपति चयन पैनल की संरचना को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि यह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं है।
राज्य के 22 विश्वविद्यालयों में से करीब 15 में इस समय पूर्णकालिक कुलपति नहीं हैं।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common