दमन, दमन शहर में उच्च क्षमता वाले ‘‘स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल्स’’ (एसयूवी) को लापरवाही से चलाने की शिकायतों के बीच प्रशासन ने महिंद्रा थार और टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ियों के मालिकों को बुलाया और उन्हें जिम्मेदारी से वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई।
इन वाहन मालिकों से सड़क पर स्टंट और बहादुरी दिखाने से बचने का वादा लिया गया। यह शपथ कार्यक्रम नौ सितंबर को दादरा और नगर हवेली दमन और दीव केंद्र-शासित प्रदेश द्वारा उनके ‘रफ्तार नहीं संस्कार’ जागरूकता अभियान के तहत आयोजित किया गया था।
बायोकॉन लिमिटेड की कार्यकारी अध्यक्ष और उद्योगपति किरण मजूमदार-शॉ ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत को इस तरह की ‘सीख’ की जरूरत है और ‘‘हजारों साइनबोर्ड की तुलना में जनता से लिया गया एक छोटा सा संकल्प अधिक प्रभावी हो सकता है’’।
इस पहल के तहत एक ‘थार-फॉर्च्यूनर संकल्प यात्रा’आयोजित की गई जिसमें थार और फॉर्च्यूनर वाहनों के 250 से अधिक मालिकों ने जिम्मेदारी से गाड़ी चलाने का संकल्प लिया।
उन्होंने सड़क पर तेज रफ्तार से गाड़ी न चलाने और स्टंट न करने का भी संकल्प लिया साथ ही किसी भी तरह की लापरवाही भरी बहादुरी या ‘हीरो-पंथी’ से दूर रहने का भी वादा किया।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common