दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है। पत्र की जानकारी दिल्ली की सीएम आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। आतिशी ने कहा कि भाजपा और दिल्ली पुलिस के संयुक्त प्रयासों से अरविंद केजरीवाल को मारने की बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है। केजरीवाल जी पर एक के बाद एक हमले हो रहे हैं और हर हमले में भाजपा कार्यकर्ता शामिल पाए गए हैं। लेकिन अमित शाह के इशारे पर काम कर रही दिल्ली पुलिस न केवल हमलावरों को रोकने में विफल रही है, बल्कि अब एक साजिश के तहत अरविंद केजरीवाल जी की सुरक्षा में तैनात पंजाब पुलिस को भी चुनाव से ठीक पहले हटा दिया गया है। दिल्ली की जनता इस साजिश के लिए भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी। मैंने और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर पंजाब पुलिस की सुरक्षा तत्काल बहाल करने और अरविंद केजरीवाल पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आप ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर केजरीवाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। पार्टी ने पंजाब पुलिस की सुरक्षा बहाल करने की मांग की है और भाजपा पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मांग का समर्थन करते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल जैसे प्रमुख विपक्षी नेता की सुरक्षा को समझौतावादी व्यवस्था के हाथों में नहीं छोड़ा जा सकता। आप ने कहा, “केजरीवाल पर पहले हुए हमलों पर दिल्ली पुलिस की बार-बार की विफलता और निष्क्रियता एक गंभीर तस्वीर पेश करती है। यह केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का मामला नहीं है; यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है।” https://x.com/AamAadmiParty/status/1882721688955002979/photo/1