दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार मुख्यमंत्री जनसेवा सदन का उद्घाटन किया। दिल्ली की सीएम ने कहा कि भारत माता और सभी दिल्लीवासियों के कल्याण की भावना के साथ पूरी श्रद्धा, समर्पण के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
दिल्ली की सीएम ने कहा कि उन्होंने अपना संकल्प दोहराया कि जनसेवा ही उनके जीवन का धर्म है और दिल्ली के लोगों का कल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जनसेवा सदन सिर्फ एक इमारत नहीं है, यह दिल्ली की आत्मा की आवाज होगी।यह सदन दिल्ली के हर नागरिक की चिंताओं, उम्मीदों, सुझावों और समाधानों का केंद्र बनेगा।
हर गली, हर मोहल्ले, हर वर्ग और हर व्यक्ति की आवाज अब सीधे सरकार तक पहुंचेगी – यहीं से, इसी सदन से। यह भवन जनभागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही की परंपरा का विस्तार है, जिसकी नींव जनता के विश्वास पर टिकी है। दिल्लीवासियों के प्यार, समर्थन और आशीर्वाद से हमने आज जनकल्याण का यह अध्याय शुरू किया है। मैं आप सभी से आग्रह करती हूं कि आप सब मिलकर इस सदन को सेवा, समाधान और समर्पण का प्रतीक बनाएं। यहां उठने वाली हर आवाज का जवाब मिले, हर शिकायत का समाधान हो और हर नागरिक को सम्मान मिले।”