दिल्ली में विधायक निधि 10 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये की गई

दिल्ली कैबिनेट ने दिल्ली में वार्षिक विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास (एमएलएएलएडी) निधि को 10 करोड़ से बढ़ाकर 15 करोड़ करने का निर्णय लिया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री आतिशी ने दावा किया कि दिल्ली में एमएलएएलएडी फंड देश में सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि दिन में पहले हुई कैबिनेट की बैठक में प्रति विधायक प्रति वर्ष 5 करोड़ रुपये की राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया। पत्रकारों को जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कोई भी अन्य राज्य “इतनी बड़ी” निधि प्रदान नहीं करता है। दिल्ली विधानसभा चुनाव फरवरी 2025 में होने हैं। आतिशी ने कहा कि लोकतंत्र में विधायक-एलएडी निधि बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि इसका उपयोग विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्रों के विकास के लिए करते हैं। अन्य राज्यों के साथ तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात एक विधायक को 1.5 करोड़ रुपये आवंटित करता है जबकि आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में विधायकों को 2-2 करोड़ रुपये मिलते हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, केरल और राजस्थान जैसे बड़े राज्य भी केवल 5 करोड़ रुपये आवंटित करते हैं, जिससे दिल्ली का 15 करोड़ रुपये देश में “सबसे महत्वपूर्ण” हो जाता है। सीएम ने कहा, “अब दिल्ली प्रति वर्ष (विधायकों को) 15 करोड़ रुपये देगी… यह न केवल देश में सबसे अधिक है बल्कि अधिकांश राज्यों की तुलना में तीन गुना अधिक है।” सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस साल दिल्ली में बहुत बारिश हुई, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, पार्कों की दीवारें टूट गईं। इसके अलावा और भी कई समस्याएं सामने आई हैं। इन सभी कामों को करवाने के लिए विधायकों को ज्यादा पैसे की जरूरत होगी, इसलिए दिल्ली सरकार ने विधायकों के फंड में बढ़ोतरी की है। इससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।Photo : Wikimedia

%d bloggers like this: