दिल्ली: होमगार्ड के जवानों ने आप नीत सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, अनुबंध नया करने की मांग की

नयी दिल्ली, पुलिस की भारी तैनाती के बीच दिल्ली के करीब 200 होमगार्ड बुधवार को सिविल लाइंस इलाके में चंदगी राम अखाड़े के पास अरविंद केजरीवाल नीत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए एकत्र हुए और मांग की कि उन्हें नौकरी से नहीं हटाया जाना चाहिए।

जिस जगह पर विरोध प्रदर्शन किया गया वहां पर भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात थी क्योंकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आधिकारिक आवास प्रदर्शन स्थल से कुछ किलोमीटर की दूरी पर है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि होमगार्ड के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा और अगले कार्यकाल के लिए उनके अनुबंधों का नवीनीकरण करने की मांग की। अधिकारी ने कहा कि दो घंटे तक प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था।

क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्ति को किसी भी तरह के नुकसान को रोकने और यातायात को सुगम बनाए रखने के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

चंदगी राम अखाड़े के पास पूर्वाह्न करीब 10 बजे विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रदर्शनकारियों ने नौकरी में बरकरार रखने की मांग करते हुए नारे लगाए और केजरीवाल नीत सरकार से उन्हें नौकरी से नहीं हटाने की अपील की।

दिल्ली सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इससे पहले, पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने पूछे जाने पर पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हमने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। उन्हें कोई अनुमति नहीं दी गई। हमने प्रदर्शनकारियों से बात की है और उन्हें शांति से चले जाने के लिए कहा है।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: