नयी दिल्ली, देश में धार्मिक स्थलों पर यात्रा को लेकर लोगों का आकर्षण बढ़ा है। वित्त वर्ष 2024-25 में 56 पवित्र स्थलों पर ठहरने के लिए बुकिंग में 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। होटल विमान टिकट की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा देने वाला मंच मेकमाईट्रिप ने यह जानकारी दी।
गुरुग्राम स्थित कंपनी ने कमरों के साथ-साथ धार्मिक स्थलों के लिए यात्रा बुकिंग के आधार पर 2024-25 के लिए धार्मिक स्थलों की यात्रा से जुड़े रुख को बताया है। कंपनी का कहना है कि धार्मिक स्थलों की यात्रा में व्यापक रूप से तेजी है। तीर्थयात्रा की मांग में मजबूत वृद्धि के साथ प्रमुख स्थलों पर आवास आपूर्ति में आक्रामक रूप से विस्तार देखने को मिल रहा है।
ये रुझान बताते हैं कि धार्मिक शहरों की यात्राएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रयागराज वाराणसी अयोध्या पुरी अमृतसर और तिरुपति जैसे स्थलों पर आध्यात्मिक यात्राएं यात्रा की मांग को गति दे रही हैं।
साथ ही खाटूश्याम जी ओंकारेश्वर और तिरुचेंदूर जैसे स्थान लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। यह देश में आध्यात्मिक यात्रा के बढ़ते दायरे को दर्शाता है। मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक और समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश मागो ने कहा ‘‘हम धार्मिक स्थलों की यात्रा में निरंतर वृद्धि देख रहे हैं जो मजबूत संपर्क सुविधा और सभी आयु वर्ग और आय वर्ग के भारतीयों में तीर्थयात्रा के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाता है।’’
ज्यादातर तीर्थयात्रा आवास बुकिंग (71 प्रतिशत) 4 500 रुपये प्रति रात्रि से कम कीमत वाले कमरों के लिए है। लेकिन अब महंगे कमरों की मांग भी गति पकड़ रही है।
बीते वित्त वर्ष 7 000-10 000 रुपये तक किराये वाले कमरों की बुकिंग में 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि 10 000 रुपये से अधिक के कमरों की बुकिंग में 23 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके साथ होम-स्टे और अपार्टमेंट जैसे विकल्पों ने भी गति पकड़ी है। इनका तीर्थ स्थलों में कमरे की रात की बुकिंग में लगभग 10 प्रतिशत का योगदान है।
समूह बुकिंग तीर्थ यात्रा का एक बड़ा हिस्सा है। लगभग 47 प्रतिशत यात्राएं समूहों में की जाती हैं जबकि अवकाश स्थलों में 38.9 प्रतिशत होती हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common