काठमांडू, नेपाल में शनिवार से लगातार हो रही बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण 11 राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गए हैं जिससे दूरदराज के पहाड़ी इलाकों में दैनिक जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
जल विज्ञान एवं मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 21 जुलाई तक देशभर में भारी वर्षा के पूर्वानुमान के मद्देनजर नेपाल के स्वतंत्र विद्युत उत्पादक संघ ने सभी जल विद्युत परियोजनाओं से संभावित मानवीय एवं भौतिक नुकसान को न्यूनतम करने के लिए हाई अलर्ट पर रहने का आग्रह किया है। गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने प्रमुख नदियों के निकट रहने वाले लोगों को सावधान रहने तथा खराब मौसम के अनुमान के मद्देनजर सतर्कता बरतने की चेतावनी दी है क्योंकि मौसम प्रणाली पूर्वी नेपाल से सक्रिय होकर पश्चिमी नेपाल की ओर बढ़ेगी।
जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग के एक बयान में कहा गया है कि पूर्वी नेपाल में कोसी तमोर अरुण तमाकोसी दूधकोसी कंकई नदियों के जल स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है तथा कोसी नदी का जलस्तर संभवतः खतरे के निशान तक या उससे अधिक हो सकता है।
इसमें कहा गया है “बागमती नदी की बाढ़ से काठमांडू घाटी और उसके निचले इलाकों पर असर पड़ने की आशंका है। पश्चिमी नेपाल में महाकाली और उसके निचले इलाकों में भी सोमवार दोपहर तक बाढ़ आने की आशंका है।”क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common