पश्चिम बंगाल के नतीजों के बाद मोदी और शाह को इस्तीफा दे देना चाहिए : सिन्हा

हजारीबाग, तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केन्द्रीय मंत्री रहे यशवंत सिन्हा ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के आए नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए।

हजारीबाग से तीन बार सांसद रहे यशवंत सिन्हा ने यहां अपने निवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिस प्रकार से भाजपा के इन वरिष्ठ नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निजी हमले किये उससे वहां की जनता बहुत नाराज हुई और आज के परिणाम उसी के नतीजे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के इस हाल की जिम्मेदारी स्वयं प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह एवं जेपी नड्डा को लेनी चाहिए।

एक सवाल के जवाब में सिन्हा ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव एवं 2024 के आम चुनावों पर भी पश्चिम बंगाल विधानसभा के नतीजों का असर अवश्य होगा।

ज्ञातव्य है कि देश के पांच राज्यों की विधानसभा चुनावों के परिणाम रविवार को घोषित किये गये जिनमें पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा में 292 सीटों के लिए हुए चुनावों में अब तक घोषित परिणामों एवं रुझानों के अनुसार सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस 214 सीटों पर तथा मुख्य विपक्षी भाजपा कुल 76 सीटों पर आगे हैं जबकि कम्युनिस्ट पार्टियों एवं कांग्रेस का वहां खाता तक नहीं खुल सका।

वर्ष 2016 के विधानसभा चुनावों में तृणमूल को 211 सीटें मिली थीं जबकि भाजपा के खाते में महज तीन सीटें थी।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikipedia

%d bloggers like this: