इस्लामाबाद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वह भीषण सर्दी से जूझ रहे दो करोड़ बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए उनके देश को बेहद जरूरी मदद प्रदान करे। उन्होंने कहा कि इस साल की शुरुआत में आई भीषण बाढ़ के कारण पाकिस्तान मानवीय संकट से जूझ रहा है।
जिनेवा में आगामी नौ जनवरी को होने वाले अंतरराष्ट्रीय दाता सम्मेलन से पहले घातक बाढ़ के कारण विस्थापित हुए लाखों लोगों के वास्ते भोजन, तंबू और अन्य आवश्यक चीजों की व्यवस्था करने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भावुक अपील की।
सिंध प्रांत में जल प्रलय से बड़े पैमाने पर तबाह हुए ‘कोट दीजी’ की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री ने टेलीविजन पर प्रसारित अपनी टिप्प्णी में कहा, ‘‘आज भी दो करोड़ बाढ़ पीड़ितों को तुरंत मानवीय मदद की जरूरत है।’’
नकदी के संकट से जूझ रहा पाकिस्तान मध्य जून में आई भारी बारिश से पहले से ही गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहा है। इस बारिश के कारण पाकिस्तान को अभूतपूर्व बाढ़ का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उसका एक तिहाई हिस्सा जलमग्न हो गया था।
शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान जलवायु परिवर्तन जनित बाढ़ से जूझ रहा है, जबकि वैश्विक कार्बन में इसका योगदान नहीं के बराबर है। पाकिस्तान का कहना है कि बाढ़ के कारण उसकी अर्थव्यवस्था को 40 अरब अमेरिकी डॉलर का नुकसान हुआ।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)