पाकिस्तान को निरंतर समर्थन देता रहेगा चीन: चीनी राजदूत

इस्लामाबाद, चीन के राजदूत जियांग जेदोंग ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि चीन पाकिस्तान में व्यापार व निवेश के लिए निरंतर समर्थन देता रहेगा। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि इस बैठक में उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इस्हाक डार और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक के दौरान जियांग ने पाकिस्तान की “आर्थिक स्थिरता” की सराहना की।

प्रधानमंत्री शरीफ ने चीन की ओर से निरंतर मिलने वाले आर्थिक समर्थन की सराहना करते हुए पाकिस्तान की प्रतिबद्धता दोहराई कि वह चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा के दूसरे चरण को आगे बढ़ाते हुए कृषि औद्योगिक सहयोग और प्राथमिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करेगा।

जियांग ने पाकिस्तान की आर्थिक मजबूती और सुधार के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए विशेष रूप से व्यापार और निवेश के क्षेत्र में चीन के निरंतर समर्थन की पुष्टि की।

दोनों पक्षों ने कूटनीतिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर उच्च-स्तरीय बैठकों की उम्मीद जताई। प्रधानमंत्री शरीफ ने क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा करते हुए पश्चिम एशिया में तनाव कम करने में पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने आपसी हित के मुद्दों पर सभी स्तरों पर करीबी समन्वय बनाये रखने पर जोर दिया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: