पाकिस्तान में करतारपुर कॉरिडोर बाढ़ में डूबा, 100 से ज़्यादा लोग फंसे

लाहौर, रावी नदी में बाढ़ के कारण पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के नारोवाल जिले में गुरुद्वारा दरबार साहिब सहित करतारपुर कॉरिडोर जलमग्न हो दिया जिससे 100 से ज़्यादा लोग फंस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। करतारपुर कॉरिडोर परियोजना प्रबंधन इकाई के प्रमुख सैफुल्लाह खोखर ने ‘पीटीआई’ को बताया ‘‘गुरुद्वारा दरबार साहिब सहित पूरा करतारपुर कॉरिडोर परिसर बाढ़ के पानी में डूब गया है।’’

उन्होंने कहा कि फंसे हुए अधिकारियों को नावों और एक हेलीकॉप्टर से बचाया जा रहा है।

नारोवाल के उपायुक्त हसन रज़ा के अनुसार भारत द्वारा रावी नदी में पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़ग्रस्त इलाकों से सैकड़ों निवासियों को निकाला गया है।

उन्होंने बताया कि शकरगढ़ तहसील के कोट नैन में रावी नदी का जल स्तर 1 55 000 क्यूसेक पर पहुंच गया है जबकि इसकी क्षमता 1 50 000 क्यूसेक है। रविवार को भारत ने मानवीय आधार पर राजनयिक माध्यमों से पाकिस्तान को बाढ़ की चेतावनी दी थी।

मई में दोनों पक्षों के बीच चार दिनों तक चले संघर्ष के बाद यह भारत और पाकिस्तान के बीच पहला ज्ञात आधिकारिक संपर्क था। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुये आतंकवादी हमले के एक दिन बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई दंडात्मक कदम उठाए जिनमें 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित करना भी शामिल था। आमतौर पर बाढ़ की चेतावनी सिंधु जल आयोग के माध्यम से साझा की जाती है।

अधिकारियों ने बताया कि हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है जिससे धान की फसल और पशु चारे को नुकसान पहुंचा है।

रज़ा ने कहा कि पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है जिससे गांव और फसलें जलमग्न हो गईं तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। पंजाब में लगभग दो लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: