पुतिन ने समुद्री अपराधों से निपटने के लिए संरा के भीतर विशेष ढांचा स्थापित करने का आह्वान किया

संयुक्त राष्ट्र, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की उच्चस्तरीय चर्चा में अपने संबोधन में समुद्री अपराधों से निपटने के लिए विश्व निकाय के भीतर विशेष ढांचा स्थापित करने का सोमवार को आह्वान किया।

भारत की अध्यक्षता के तहत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में समुद्री सुरक्षा पर प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई खुली डिजिटल परिचर्चा में पुतिन ने रेखांकित किया कि समुद्र में लूटपाट और बंधक बनाने की घटनाओं में वृद्धि और अधिक हो रही है क्योंकि कुछ देश अपने दम पर सीमा पार के अपराध गिरोहों, जलदस्युओं और आतंकवादियों से नहीं निपट सकते।

पुतिन ने कहा, ‘‘रूस संयुक्त राष्ट्र चार्टर में निहित महत्वपूर्ण नियमों और सिद्धांतों के कड़े अनुपालन को बढ़ावा देता है, जैसे कि संप्रभुता का सम्मान, आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करना और विवादों का वार्ता से समाधान।’’

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई ‘समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा: अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता’ पर खुली परिचर्चा उन तीन महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक है, जिनका आयोजन 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की एक महीने की भारत की अध्यक्षता के दौरान किया जा रहा है।

पुतिन ने कहा कि रूस हिन्द महासागर रिम एसोसिएशन और हिन्द महासागर आयोग के साथ रचनात्मक सहयोग स्थापित करना चाहता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम समुद्री सुरक्षा के विषय पर समान अंतरराष्ट्रीय सहयोग के विकास का लगातार समर्थन करने के लिए तैयार हैं।’’

पुतिन ने इस बैठक का आयोजन करने में सार्थक पहल के लिए भारत के मित्रों का धन्यवाद व्यक्त किया और शुभकामनाएं दीं कि भारत को ‘‘अगस्त महीने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष रूप में प्रत्येक सफलता मिले।’’

मोदी ने पुतिन के बयान के जवाब में कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति पुतिन का उनके बयान के लिए धन्यवाद व्यक्त करता हूं। रूस ने वैश्विक समुद्री सुरक्षा में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वैश्विक सुरक्षा और समृद्धि में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।’’

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: