नयी दिल्ली, अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने पति विजय देवरकोंडा के साथ अपने रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि प्यार को किसी तय धारणा के तराजू पर नहीं तौला जा सकता। उन्होंने कहा कि शादी में किसने पहले प्रस्ताव रखा या किसने किसे राजी किया इससे ज्यादा मायने साथ मिलकर भविष्य बनाने का है।
करण जौहर के कार्यक्रम ‘कॉफी विद करण’ में दोनों की मौजूदगी के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर काफी चर्चा हुई थी।
कार्यक्रम में देवरकोंडा ने कहा था ‘‘मैं शादी के लिए किसी को ‘प्रपोज’ नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि चलो शादी कर लेते हैं। उन्होंने मुझसे करीब 100 बार पूछा था।’’ इस पर मंदाना ने जवाब दिया था कि उन्हें देवरकोंडा को शादी के लिए मनाने में एक साल लग गया। उनकी इस बातचीत के बाद कई लोगों ने ‘अर्जुन रेड्डी’ के अभिनेता के साथ उनके रिश्ते को लेकर आलोचना करना शुरू कर दिया था।
‘द गर्लफ्रेंड’ ‘एनिमल’ और ‘पुष्पा’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं मंदाना (30) ने लिखा ‘‘… उन सभी के लिए जो प्यार करते हैं और उन लोगों के लिए भी जो हमेशा कड़वाहट से भरे रहते हैं। इस पूरे मामले पर मेरी ओर से विजय के बारे में बस दो बातें।’’
उन्होंने कहा कि वह आम तौर पर ऐसी बातों पर प्रतिक्रिया नहीं देतीं क्योंकि हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का अधिकार है।
मंदाना ने लिखा ‘‘मुझे लगता है कि इस विषय पर सार्वजनिक रूप से बोलना जरूरी है क्योंकि मैं उन लोगों के बचाव में खड़ी होना चाहती हूं जो प्यार में विश्वास करते हैं।’’
अभिनेत्री ने कहा ‘‘आप मेरे बारे में जितना चाहें बुरा कहें। मैं सह सकती हूं। लेकिन मेरे परिवार को जाने बिना उसके बारे में बातें करना यह नारीवाद नहीं है। यह नारीवाद का चोला ओढ़कर दूसरों को नीचा दिखाना है। नारीवाद का मकसद कभी किसी दूसरे को नीचा दिखाना या खुद को श्रेष्ठ साबित करना नहीं था चाहे ऐसा करने वाला पुरुष हो या महिला। नारीवाद हमेशा अपनी जिंदगी के बारे में फैसले लेने की आजादी और उन फैसलों की जिम्मेदारी खुद उठाने से जुड़ा रहा है।’’
देवरकोंडा के प्रति उनके अपने प्यार को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंदाना ने सवाल किया कि अपने साथी से प्यार करना गलत कब से हो गया।
उन्होंने लिखा ‘‘वह जीवन भर मेरे साथी रहेंगे। आम दिनों और असाधारण पलों में मेरे दोस्त होंगे। मेरे बच्चों के पिता होंगे। वह वो इंसान होंगे जिनके साथ मैं उम्र का अंतिम पड़ाव बिताऊंगी। ऐसा पुरुष ढूंढिए जो आपसे इतनी खूबसूरती से प्यार करे कि शादी के बाद भी आप उससे कहना चाहें ‘चलो शादी कर लेते हैं।’ मैं ऐसा हजार बार करूंगी- 100 बार तो कुछ भी नहीं है। बात इतनी-सी है।’’
देवरकोंडा और मंदाना ने इस साल 26 फरवरी को शादी की थी। दोनों करण जौहर के लोकप्रिय ‘चैट शो’ में मेहमान बनकर पहुंचे थे। कार्यक्रम में उनकी बातचीत के बाद इंटरनेट पर लोगों ने उनके रिश्ते के बारे में राय बनानी शुरू कर दी थी।
मंदाना ने कहा ‘‘हमारे लिए शादी कभी प्रपोज करने घुटने के बल बैठने या उंगली में अंगूठी पहनाने के बारे में नहीं थी। ये सब दिखावटी बातें हैं। हमारे लिए शादी का मतलब साथ मिलकर जिंदगी और भविष्य बनाना है। और मुझे लगता है कि अब तक हमने यह बहुत खूबसूरती से किया है।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common