तिरुवनंतपुरम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए. के. एंटनी ने बुधवार को यहां कहा कि प्रियंका गांधी वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में अब तक के सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगी जबकि अन्य सभी उम्मीदवारों को करारी हार मिलेगी। राहुल गांधी की छोड़ी हुई वायनाड सीट के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से उनकी बहन प्रियंका की उम्मीदवारी की घोषणा के एक दिन बाद एंटनी ने कहा कि इस संसदीय क्षेत्र में एआईसीसी महासचिव प्रियंका की उपस्थिति से केरल के दो विधानसभा क्षेत्रों पलक्कड़ और चेलाक्कारा में होने जा रहे उपचुनावों में कांग्रेस की जीत की संभावना बढ़ जाएगी। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री एंटनी ने कहा “वायनाड में (प्रियंका के पक्ष में) लहर है। हम पूरी ताकत से लड़ेंगे। वह सभी की उम्मीदों से कहीं ज्यादा अब तक के सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगी। अन्य उम्मीदवार बहुत बुरी तरह हारेंगे।” पूर्व रक्षा मंत्री ने कहा कि वायनाड में प्रियंका गांधी की मौजूदगी इस क्षेत्र के पुनर्निर्माण में मदद करेगी जो इस साल जुलाई में भूस्खलन से तबाह हो चुका है। राहुल ने चार जून को घोषित लोकसभा चुनाव के परिणामों में वायनाड और उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीटों पर जीत हासिल की थी और इसके 14 दिन के अंदर वायनाड सीट छोड़ दी थी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common