बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा में भारी बारिश की संभावना

भुवनेश्वर, बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा में शनिवार तक गरज और चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी तटीय राज्य ओडिशा इस मानसून में पहले ही दो बार आई बाढ़ से प्रभावित हो चुका है। राज्य में कुछ स्थानों पर मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मयूरभंज और नबरंगपुर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

इस दौरान मयूरभंज जिले के चंदुआ कुलियाना में 15 सेंटीमीटर बारिश हुई जबकि नबरंगपुर के तेंतुलीखुंटी में आठ सेंटीमीटर बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा ‘‘11 सितंबर के आसपास पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा इससे सटे उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तटों के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।’’

एक अधिकारी ने कहा कि मौसम प्रणाली के विकसित होने के साथ ही ओडिशा पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया जाएगा।

आईएमडी ने बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग ने 12 सितंबर तक भारी बारिश का भी पूर्वानुमान जताया है।

मौसम विभाग ने नौ सितंबर को बालासोर सुंदरगढ़ संबलपुर क्योंझर और मयूरभंज जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा कि इन इलाकों में गरज के साथ बारिश होने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

भद्रक जाजपुर केंद्रपाड़ा जगतसिंहपुर कटक झारसुगुड़ा बारगढ़ देवगढ़ अंगुल ढेंकानाल गजपति गंजाम पुरी खुर्दा और नयागढ़ जिलों में भारी बारिश के लिए येलो चेतावनी जारी की गयी है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: