बीएसएफ जम्मू मैराथन के लिए छह हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया

जम्मू,  जम्मू सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) मैराथन के लिए छह हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है और नौ नवंबर को पहली बार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। सीमा सुरक्षा बल के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

                 बीएसएफ जम्मू फ्रंटियर के महानिरीक्षक (आईजी) शशांक आनंद ने संवाददाताओं को बताया कि बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह मैराथन चार श्रेणियों में आयोजित की जाएगी  जिनमें 42 किलोमीटर  21 किलोमीटर  10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर ‘रन फॉर फन’ शामिल हैं।

                 उन्होंने कहा कि बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता सुनील शेट्टी और जम्मू कश्मीर के मशहूर पैरा-तीरंदाज राकेश कुमार भी इस आयोजन के उद्घाटन तथा समापन समारोह में भाग ले रहे हैं।

                  पूर्ण मैराथन विजेता के लिए 1.50 लाख रुपये  हाफ मैराथन के लिए 75 हजार रुपये और 10 किलोमीटर की दौड़ के लिए 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार है।

                 उन्होंने बताया कि छह विदेशियों ने भी मैराथन के लिए अपना पंजीकरण कराया है और यह मैराथन अब जम्मू बीएसएफ फ्रंटियर द्वारा आयोजित किया जाने वाला एक नियमित वार्षिक कार्यक्रम होगा।

                  आनंद ने कहा कि महानिदेशक द्वारा मैराथन के अलावा बल के 60 मोटरसाइकिल सवार जवानों के एक दल को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी जो बल के मुख्य स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने के लिए 19 नवंबर को गुजरात के भुज क्षेत्र में पहुंचेगा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: