मुंबई, भारत में भर्ती विज्ञापनों में महिलाओं की हिस्सेदारी सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़ गई है जिसमें वरिष्ठ पदों उच्च वेतन वर्गों उभरती प्रौद्योगिकी भूमिकाओं और दूसरी श्रेणी के बाजारों में भर्ती का विस्तार प्रमुख रहा। शुक्रवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
ऑनलाइन नौकरी एवं भर्ती मंच फाउंडइट की भारतीय श्रमबल में महिलाओं पर केंद्रित रिपोर्ट के मुताबिक फरवरी 2025 से फरवरी 2026 के बीच भर्ती विज्ञापनों के रुझानों के से यह निष्कर्ष सामने आया है।
रिपोर्ट कहती है कि महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर अब केवल प्रवेश स्तर तक सीमित नहीं हैं बल्कि वरिष्ठ स्तर और अधिक वेतन वाली भूमिकाओं तक भी उनका विस्तार हो रहा है।
फाउंडइट की उपाध्यक्ष (विपणन) अनुपमा भीमराजका ने कहा ‘‘भारत में महिलाओं की भर्ती में सकारात्मक गति देखी जा रही है। हालांकि अभी भी बड़ी संख्या में नौकरियां 10 लाख रुपये वार्षिक वेतन से कम श्रेणी में हैं लेकिन उच्च मूल्य वाले और विविध अवसरों तक महिलाओं की पहुंच बढ़ रही है।’’
भौगोलिक दृष्टि से देखें तो दूसरी एवं तीसरी श्रेणी के शहरों में महिलाओं के लिए अवसर बढ़े हैं। इन क्षेत्रों की हिस्सेदारी बढ़कर 44 प्रतिशत हो गई है जो पिछले वर्ष 41 प्रतिशत थी। वहीं महानगर के शहरों की हिस्सेदारी घटकर 56 प्रतिशत रह गई है।
रिपोर्ट के अनुसार जयपुर कोयंबटूर इंदौर और कोच्चि जैसे शहर महिलाओं के लिए तेजी से उभरते रोजगार केंद्र बन रहे हैं।
कार्यात्मक स्तर पर भी महिलाओं की हिस्सेदारी सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में 34 प्रतिशत तक पहुंच गई है। खासकर डेटा और एनालिटिक्स नौकरियों में महिला हिस्सेदारी में वृद्धि दर्ज की गई है।
बिक्री एवं व्यवसाय विकास में यह 16 प्रतिशत और विपणन एवं संचार में भी 16 प्रतिशत रही। हालांकि ग्राहक सेवा/बीपीओ में यह हिस्सेदारी घटकर 10 प्रतिशत और मानव संसाधन में 20 प्रतिशत रह गई।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common