बेंगलुरु, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल सेकुलर (जदएस) के बीच हुए गठजोड़ के विरोधी 40 से अधिक नेता कांग्रेस में शामिल होने के इच्छुक हैं।पूर्व भाजपा विधायक रामप्पा लामनी के कांग्रेस में शामिल होने के बाद शिवकुमार ने संवाददताओं से बातचीत में यह बात कही। लामनी को मई में भाजपा से शिरहट्टी निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं मिला था।
लामनी ने कहा कि वह बिना किसी शर्त के कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।पिछले महीने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की अगुवाई वाले जदएस ने भाजपा के साथ गठजोड़ करने का फैसला किया था। उससे पहले जदएस नेता एच डी कुमारस्वामी ने नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ बैठक की थी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी संभाल रहे शिवकुमार ने कहा, ‘‘ 40 से अधिक नेताओं के आवेदन मेरे सामने हैं। मैं कभी इस जानकारी का खुलासा करना नहीं चाहता था लेकिन अब (उसके लिए अनुकूल) स्थिति आ गयी है।’’वैसे उन्होंने उनके नाम नहीं बताये। उन्होंने कहा,‘‘ स्थानीय नेताओं से बातचीत करने के बाद हम उन्हें एक-एक कर पार्टी में शामिल कर रहे हैं।’’
शिवकुमार ने कहा कि भाजपा और जदएस के ये नेता राज्य के उत्तर में बीदर से लेकर दक्षिण में चामराजनगर तक के हैं।उन्होंने कहा, ‘‘(भाजपा और जदएस के बीच) गठजोड़ का विरोध करते हुए कई नेताओं ने हमारी पार्टी में शामिल होने में रूचि दिखाई है। यदि ये नेता हमारी पार्टी में शामिल किये जाते हैं तो यह हमारे नेतृत्व तथा देश के लिए फायदेमंद होगा।’’
उन्होंने यह भी दावा किया कि आम आदमी पार्टी के 100 से अधिक नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस में शामिल होने में दिलचस्पी दिखायी है जिन्होंने मई में विधानसभा चुनाव लड़ा था।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common