भाजपा ने महापौर चुनाव लड़ने का फैसला किया, पार्षद शिखा राय को उतारा

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में पर्याप्त संख्याबल न होने के बावजूद महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव के लिए उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है।  पार्टी ने शिखा राय को महापौर और उपमहापौर पद के लिए सोनी पांडे को मैदान में उतराने का निर्णय किया है।

                दिल्ली प्रदेश भाजपा के एक बयान के मुताबिक, राय और पांडे मंगलवार को बाद में अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। आज नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है और मतदान 26 अप्रैल को होगा।

                 शिखा राय ग्रेटर कैलाश-1 वार्ड से पार्षद हैं, जबकि सोनी पांडे उत्तरपूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार वार्ड का प्रतिनिधित्व करती हैं।

                 इससे पहले, दिल्ली भाजपा के एक शीर्ष नेता ने दावा किया था कि पार्टी के महापौर व उपमहापौर पद का चुनाव लड़ने की संभावना नहीं है क्योंकि आम आदमी पार्टी (आप) के पक्ष में “स्पष्ट जनादेश” है।

                 ‘आप’ ने इन पदों के लिए मौजूदा महापौर शैली ओबेरॉय और उपमहापौर आले मोहम्मद इकबाल को फिर से मैदान में उतारा है। दिल्ली नगर निगम के महापौर का एक साल का कार्यकाल अप्रैल में शुरू होता है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: