दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके नेता दिल्ली में बस मार्शलों के साथ गंदी राजनीति कर रहे हैं।
आतिशी ने कहा, “मैं भाजपा और उसके नेताओं से कहना चाहती हूं कि वे बस मार्शलों के साथ अपनी गंदी राजनीति करना बंद करें। पूरी दिल्ली, बस मार्शल और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स भाजपा की गंदी राजनीति को अच्छी तरह समझते हैं। केजरीवाल जी ने दिल्ली के गरीब परिवारों के लड़के-लड़कियों को बस मार्शल की नौकरी दी लेकिन भाजपा ने उन्हें नौकरी से हटाने का पाप किया।” आतिशी ने कहा कि एक हफ्ते में आप सरकार बस मार्शलों को स्थायी करने के लिए एलजी को प्रस्ताव भेजेगी और चुनौती दी कि भाजपा उस प्रस्ताव को पारित करवाकर दिखाए।
आतिशी ने कहा, “भाजपा मार्शलों के नाम पर सिर्फ गंदी राजनीति कर रही है। पहले तो उन्होंने गरीब परिवारों के लड़के-लड़कियों को मार्शल की नौकरी से हटाकर उनका रोजगार छीन लिया और अब राजनीति करके उन्हें गुमराह किया जा रहा है। लेकिन अरविंद केजरीवाल और “आप” ने हमेशा बस मार्शलों के अधिकारों के लिए कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ी है और हर कदम पर उनके साथ खड़े रहे हैं।”
Photo : Wikimedia