नयी दिल्ली, कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ओपनएआई ने भारत में अपने एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआई) के लिए एआई अनुरोधों का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण शुरू करने की घोषणा की। इससे पात्र कंपनियां और डेवलपर उसके जीपीटी-6 लूना मॉडल पर आधारित चुनिंदा कार्यों का प्रसंस्करण देश के भीतर ही कर सकेंगे।
इस पहल का उद्देश्य कंपनियों की डेटा को देश के भीतर ही रखने संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है। एआई कंपनी ने बयान में कहा कि इस सुविधा के तहत संबंधित अनुरोधों का प्रसंस्करण और जवाब तैयार करने के लिए मॉडल की गणना दोनों भारत में ही होंगी। इसके अलावा सुविधा के दायरे में आने वाले ग्राहकों की सामग्री भी देश में ही संग्रहीत की जाएगी।
ओपनएआई में भारत के लिए उद्यम कारोबार के प्रमुख नितिन बावनकुले ने कहा कि कुछ भारतीय कंपनियां महत्वपूर्ण कार्यों के लिए एआई का इस्तेमाल पूरी तरह शुरू नहीं कर पाई हैं क्योंकि उनके लिए जरूरी है कि संबंधित सूचनाओं का प्रसंस्करण देश के भीतर ही हो।
उन्होंने कहा स्थानीय स्तर पर एआई प्रसंस्करण से कंपनियों को इस बात पर अधिक नियंत्रण मिलेगा कि उनके चुनिंदा कार्यों का प्रसंस्करण कहां हो और एआई को अपनाने में आने वाली एक व्यावहारिक बाधा दूर होगी।
बावनकुले ने कहा कि इससे अधिक कंपनियों को ओपनएआई के उपकरणों का इस्तेमाल करने का अवसर मिलेगा। साथ ही भारतीय डेवलपर और स्टार्टअप अपनी जरूरतों के अलावा कंपनियों की जरूरतों के अनुरूप समाधान विकसित कर सकेंगे।
ओपनएआई ने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से वित्तीय सेवा क्षेत्र की उन कंपनियों के लिए उपयोगी है जिनकी डेटा स्थानीयकरण संबंधी विशिष्ट जरूरतें हैं।
फिलहाल यह सुविधा सीधे एपीआई के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध होगी। इसके तहत जीपीटी-6 लूना मॉडल में सूचनाएं भेजने और जवाब प्राप्त करने की सुविधा उसकी रेस्पॉन्सेज और चैट कम्प्लीशंस एपीआई के जरिये मिलेगी।
ग्राहक इसके लिए नया एपीआई प्रोजेक्ट बनाकर डेटा संग्रहण और प्रसंस्करण दोनों के लिए भारत का विकल्प चुन सकते हैं। इसके लिए उन्हें भारत के लिए निर्धारित एपीआई कनेक्शन का इस्तेमाल करना होगा।
कंपनी ने कहा कि इस सुविधा का इस्तेमाल दस्तावेजों का सार तैयार करने जवाबों का मसौदा बनाने और कर्मचारियों को सूचनाओं के विश्लेषण में मदद देने जैसे पाठ-आधारित कार्यों के लिए किया जा सकता है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common