विशाखापत्तनम, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने वैश्विक निवेशकों से भारत में निवेश करने और उद्योगों से गुणवत्ता व टिकाऊपन पर ध्यान देने का आग्रह करते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत निवेश के लिए एक सुरक्षित गंतव्य है।
यहां सीआईआई साझेदारी सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत निवेश के लिए एक सुरक्षित गंतव्य है।
उन्होंने निवेशकों से कहा ‘‘अगला कारखाना डिजाइन केंद्र और वैश्विक क्षमता केंद्र स्थापित करने के लिए ‘‘भारत को अपना ठिकाना बनाएं।’’मंत्री ने व्यापारिक साझेदारों से भी भारत में कारोबारी अवसर तलाशने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देश में कई क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं हैं।
गोयल ने कहा ‘‘कारखानों होटल और डेटा केंद्रों में निवेश करें क्योंकि भारत एक सुरक्षित गंतव्य है।’’ मंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में भारत ने 38 विकसित देशों के साथ नौ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया है। ये देश वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 60 लाख करोड़ डॉलर का योगदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापार समझौतों को लेकर जारी बातचीत के साथ यह आंकड़ा बढ़कर 85 लाख करोड़ डॉलर होने की संभावना है जो 115 लाख करोड़ डॉलर के वैश्विक जीडीपी का करीब तीन-चौथाई है।
उन्होंने कहा ‘‘इससे भारतीय कारोबार उत्पादों सेवाओं प्रतिभाओं और देश के 2.5 लाख स्टार्टअप के लिए व्यापक अवसर खुलते हैं।’’
गोयल ने निवेशकों से आग्रह किया कि वे अपना अगला संयंत्र अनुसंधान एवं विकास केंद्र वैश्विक क्षमता केंद्र या डिजाइन केंद्र भारत में स्थापित करें।
उन्होंने उद्योग जगत से टिकाऊपन कौशल विकास और वैश्विक गुणवत्ता मानकों के मामले में आगे रहने को भी कहा।
मंत्री ने कहा कि विशाखापत्तनम में इस्पात से लेकर सिलिकॉन तक ओरवाकल में ड्रोन सिटी तिरुपति में स्पेस सिटी और पुडिमदका में भारत का पहला हरित हाइड्रोजन केंद्र स्थापित करने के साथ आंध्र प्रदेश और देश भविष्य की जरूरतों के अनुरूप क्षमताएं विकसित कर रहे हैं।
गोयल ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के दीर्घकालिक दृष्टिकोण की सराहना की और कहा कि नायडू ने शुरुआती दौर में ही सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति की कल्पना की थी तथा अब समय से काफी पहले कृत्रिम मेधा क्वांटम इंजीनियरिंग डेटा केंद्रों एवं अमरावती में क्वांटम वैली की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जहां दुनिया अब भी ‘कारोबार करने में सुगमता’ की बात कर रही है वहीं आंध्र प्रदेश ने चर्चा को ‘कारोबार करने की गति’ की ओर मोड़ दिया है।
उन्होंने निवेशकों को प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए राज्य की ‘एस्क्रो’ खाता व्यवस्था की विशेष रूप से सराहना की।
‘एस्क्रो’ खाता वह विशेष बैंक खाता होता है जिसमें किसी लेनदेन से जुड़ी रकम एक तीसरे पक्ष के पास सुरक्षित रखी जाती है। तय शर्तें पूरी होने पर ही यह रकम संबंधित पक्ष को दी जाती है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common