ऊर्जा मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल ने सऊदी अरब के विद्युत मामलों के सहायक ऊर्जा मंत्री, इंजीनियर नासिर अल-कहतानी के साथ एक वर्चुअल द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य भारत-सऊदी अरब ‘इलेक्ट्रिकल इंटरकनेक्शन पहल’ की प्रगति की समीक्षा करना और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर विचार करना था।चर्चा मुख्य रूप से भारत और सऊदी अरब के बीच प्रस्तावित ‘इलेक्ट्रिकल इंटरकनेक्शन’ की प्रगति पर केंद्रित रही। इसमें दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को और गहरा करने की काफी संभावनाएं हैं।
दोनों पक्षों ने आगे की राह पर अपने विचार साझा किए और इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर जुड़ाव के महत्व पर जोर दिया।दोनों पक्षों ने ऊर्जा क्षेत्र में आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की। इसमें तकनीकी सहयोग, ज्ञान साझा करने और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों (best practices) के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया।
सऊदी अरब पक्ष ने कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में रुचि दिखाई, जिनमें शामिल हैं: एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (EHV) ट्रांसमिशन सिस्टम; ग्रिड में नवीकरणीय ऊर्जा (renewable energy) की हिस्सेदारी बढ़ने से जुड़ी तकनीकी और परिचालन संबंधी चुनौतियों का समाधान करना; उभरते डेटा सेंटरों की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए रणनीतियां बनाना; और बदलती बिजली प्रणाली की आवश्यकताओं के अनुरूप ग्रिड कोड को अपडेट करना।
दोनों पक्षों ने ऊर्जा क्षेत्र में भारत-सऊदी अरब की साझेदारी को और गहरा करने के लिए रचनात्मक बातचीत जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common