तोक्यो, भारत और जापान अपने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों तथा रणनीतिक सहयोग की व्यापक समीक्षा करेंगे तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार को चौथे भारत-जापान 2+2 मंत्रिस्तरीय संवाद में हिस्सा लेने के लिए तोक्यो पहुंच चुके हैं।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर और सिंह भारत-जापान के विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी वार्ता के लिए जापान की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। इस बैठक को ‘टू प्लस टू’ वार्ता भी कहा जाता है। इसमें दोनों देशों के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।
सिंह और जयशंकर बृहस्पतिवार को अपने जापानी समकक्षों रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की 2+2 वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बुधवार को एक बयान में कहा भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी लोकतंत्र स्वतंत्रता और कानून के शासन के साझा मूल्यों पर आधारित है। दोनों देश शांतिपूर्ण समृद्ध और मजबूत मुक्त एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए प्रतिबद्ध हैं।
यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फिलीपीन की राजधानी मनीला की दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के एक दिन बाद हो रही है। मोदी ने वहां अपने जापानी समकक्ष साने ताकाइची तथा अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं के साथ क्वाड शिखर सम्मेलन सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रीय बैठकों में हिस्सा लिया था।
राजनाथ सिंह ने जापान यात्रा की शुरुआत तोक्यो स्थित रक्षा मंत्रालय में आयोजित औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर के साथ की। इस दौरान जापान के रक्षा मंत्री कोइजुमी ने उनकी मेजबानी की।
सिंह और कोइजुमी ने योकोसुका के फुनाकोशी क्षेत्र का भी दौरा किया जहां उन्होंने जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएमएसडीएफ) के मोगामी श्रेणी के बहुउद्देशीय स्टील्थ युद्धपोत जेएस नाटोरी का निरीक्षण किया।
जापान के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि आधुनिक युद्धपोत के उपकरणों और परिचालन स्थिति का निरीक्षण समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में ठोस सहयोग को आगे बढ़ाने और दोनों मंत्रियों के बीच विश्वास मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर रहा।
सिंह ने युद्धपोत के दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए एक्स पर लिखा हमारा बढ़ता समुद्री सहयोग मुक्त खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने के भारत और जापान के साझा संकल्प तथा गहरे विश्वास को दर्शाता है।
जापान के नौसैनिक अड्डे की यात्रा के दौरान सिंह ने कहा कि उनके जापानी समकक्ष एक आदर्श मेजबान की भूमिका निभा रहे हैं।
इस बीच जयशंकर ने तोक्यो में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री और जापान-भारत संघ के अध्यक्ष फुमियो किशिदा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रणनीतिक हितों में समानता और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की।
वर्ष 1903 में स्थापित जापान-भारत संघ जापान के सबसे पुराने निजी संगठनों में से एक है जो राजनीतिक आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच मित्रता एवं आदान-प्रदान को बढ़ावा देता है। किशिदा 2021 से 2024 तक जापान के प्रधानमंत्री रहे थे।
जयशंकर ने मुलाकात के बाद एक्स पर कहा हमने रणनीतिक और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में अपने साझा हितों पर चर्चा की। हमारी विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने के लिए उनके निरंतर समर्थन की सराहना करता हूं।
भारत-जापान 2+2 वार्ता का पिछला संस्करण 20 अगस्त 2024 को नयी दिल्ली में आयोजित किया गया था।
विदेश मंत्रालय के अनुसार सिंह अपने जापानी समकक्ष कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे जबकि जयशंकर मोतेगी के साथ 19वीं भारत-जापान विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता करेंगे।
सिंह और कोइजुमी के बीच इस साल यह तीसरी मुलाकात होगी। इससे पहले दोनों नेता अगस्त में नयी दिल्ली और अक्टूबर में फिलीपीन के सेबू में आयोजित आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस के दौरान मिले थे।
जापान यात्रा से पहले सिंह ने एक्स पर कहा था कि भारत और जापान आपसी विश्वास तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित मुक्त खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र की साझा परिकल्पना रखते हैं।
कोइजुमी ने उनके संदेश के जवाब में कहा था कि वह समुद्री सुरक्षा सहयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने सिंह को अपने गृह नगर योकोसुका आने और मोगामी श्रेणी के युद्धपोत का दौरा करने का निमंत्रण भी दिया था।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देश अगस्त 2025 और जुलाई 2026 में आयोजित 15वें और 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलनों में बनी सहमतियों की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे।
जयशंकर इस यात्रा के दौरान तीसरे रायसीना तोक्यो संवाद में भी हिस्सा लेंगे।
जयशंकर ने 16-17 नवंबर को नयी दिल्ली में आयोजित नौवें भारत-जापान हिंद-प्रशांत मंच को भेजे वीडियो संदेश में कहा कि मुक्त खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को आकार देने में भारत और जापान की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। दोनों देश साझा रणनीतिक दृष्टिकोण रखने वाले एशिया के प्रमुख लोकतंत्र और समुद्री राष्ट्र हैं।
उन्होंने बुधवार को एक्स पर साझा किए गए संदेश में कहा विश्वास और सद्भावना पर आधारित तथा साझा रणनीतिक दृष्टिकोण से जुड़ी भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी न केवल दोनों देशों बल्कि पूरी दुनिया की शांति स्थिरता और आर्थिक समृद्धि में योगदान देती है।
जयशंकर ने कहा कि रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग आर्थिक सुरक्षा ऊर्जा क्षेत्र में मजबूती प्रौद्योगिकी एवं नवाचार तथा लोगों के बीच संपर्क इस साझेदारी के प्रमुख क्षेत्र बने रहेंगे।
उन्होंने दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं की पूरक क्षमताओं का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक जापान की विनिर्माण विशेषज्ञता और उन्नत प्रौद्योगिकी भारत की उद्यमशीलता विशाल बाजार और प्रतिभा के साथ बेहतर तालमेल रखती है। जापान भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का एक महत्वपूर्ण साझेदार है।
जापान में भारतीय दूतावास ने बताया कि राजदूत नगमा मलिक ने बुधवार को तोक्यो पहुंचने पर सिंह और जयशंकर का स्वागत किया।
जयशंकर सोमवार और मंगलवार को मनीला में प्रधानमंत्री मोदी के साथ थे जहां उन्होंने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और क्वाड की बैठकों में हिस्सा लिया।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common