भारत-सऊदी अरब संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (JCDC) की 7वीं बैठक 28 अगस्त, 2025 को नई दिल्ली में हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से संयुक्त सचिव श्री अमिताभ प्रसाद और सऊदी की ओर से स्टाफ मेजर जनरल साद मोहम्मद एच अलकाथिरी ने की।
दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और पिछली JCDC बैठक के दौरान लिए गए अधिकांश महत्वपूर्ण निर्णयों के क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त की। रक्षा संबंधों को मज़बूत करने और सहयोग के नए रास्ते तलाशने के उद्देश्य से, दोनों देशों ने प्रशिक्षण सहयोग, औद्योगिक साझेदारी, समुद्री सहयोग और सैन्य अभ्यास जैसे क्षेत्रों में चर्चा की।
दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी प्रशिक्षण क्षमताओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की। भारत ने सऊदी सशस्त्र बलों को प्रशिक्षण प्रदान करने की पेशकश की और साइबर, आईटी, आपदा प्रबंधन और सामरिक संचार में सहयोग पर चर्चा की।
भारतीय पक्ष ने रक्षा निर्माण में भारत की बढ़ती क्षमता पर प्रकाश डाला और भारत में निर्मित अत्याधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया। सऊदी अरब के साथ रक्षा उपकरणों के संयुक्त निर्माण और साझेदारी के अवसरों की खोज की गई। सह-अध्यक्षों ने इस वर्ष नौसेना और थल सेना स्टाफ वार्ता के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया और विचार-विमर्श जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।
भारत और सऊदी अरब के बीच रक्षा साझेदारी लगातार गहरी होती जा रही है। अप्रैल 2025 में प्रधानमंत्री की सऊदी अरब यात्रा के दौरान रणनीतिक साझेदारी परिषद के अंतर्गत रक्षा सहयोग पर एक मंत्रिस्तरीय समिति के गठन से यह स्पष्ट होता है।https://x.com/SpokespersonMoD/status/1961045583680118863/photo/1