भारत से और अधिक मिसाइल प्रणाली, प्लेटफॉर्म खरीदने की योजना: फिलीपीन के शीर्ष जनरल

नयी दिल्ली,  फिलीपीन के सशस्त्र बलों के ‘चीफ ऑफ स्टॉफ’ जनरल रोमियो सैटर्निनो ब्रॉनर जूनियर ने कहा कि उनका देश भारत से और अधिक मिसाइल प्रणाली और अन्य सैन्य प्लेटफॉर्म खरीदने की संभावना पर विचार कर रहा है।  उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच भारत के साथ रक्षा साझेदारी को मजबूत करने के लिए अपने देश की प्रतिबद्धता पर बल दिया।

             जनरल ब्रॉनर ने ‘पीटीआई वीडियो’ के साथ साक्षात्कार में भारत से प्राप्त ब्रह्मोस मिसाइल प्रणालियों के फिलीपीन के मौजूदा भंडार पर संतोष व्यक्त किया और उनके सामरिक मूल्य पर जोर दिया।

             उन्होंने कहा  ‘‘हम भारत से और अधिक मिसाइल प्रणालियां और अन्य प्लेटफॉर्म खरीदने की संभावना पर विचार कर रहे हैं।’’उन्होंने कहा  ‘‘हमारे पास पहले से ही ब्रह्मोस प्रणाली हैं। हम इनसे खुश हैं। हम अभी और अधिक प्रणालियों के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।’’ अपनी गति और सटीकता के लिए प्रसिद्ध सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस  फिलीपीन की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है  विशेष रूप से विवादित दक्षिण चीन सागर क्षेत्र में।

             जनरल ब्रॉनर ने कहा कि भारत और फिलीपीन के बीच सैन्य सहयोग लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा  ‘‘“हमारा यह रिश्ता कई वर्षों से है।’’ ‘रायसीना डॉयलाग’ में शामिल हुए जनरल ब्रॉनर ने कहा  ‘‘अब हम संभवतः खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान करके बेहतर संबंध स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।’’

             उन्होंने दोनों देशों के भू-राजनीतिक महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि उनकी रणनीतिक स्थितियां हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए सहयोग को महत्वपूर्ण बनाती हैं। भारत से अधिक खरीद पर ध्यान देने के अलावा  फिलीपीन अपनी सेनाओं के आधुनिकीकरण के लिए यूक्रेन के साथ साझेदारी की संभावनाएं तलाश रहा है।

             जनरल ब्रॉनर ने यूक्रेन के साथ मिलकर देश की ड्रोन और ड्रोन रोधी क्षमताओं को विकसित करने में रुचि दिखाई।  उन्होंने कहा  ‘‘हम यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष से बहुत कुछ सीख रहे हैं।’’ उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ाने के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण का संकेत दिया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: