मंगलुरु से बीस लाख से अधिक यात्रियों ने हवाई यात्रा की

मंगलुरु  कर्नाटक के मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 31 मार्च को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष के दौरान कुल 20 18 796 यात्रियों ने सफर किया जो बीते वर्ष की तुलना में लगभग सवा दो लाख अधिक है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।  

हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में यात्रियों की संख्या में 12.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।  

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान हवाई अड्डे ने पिछले वित्त वर्ष में 17 94 054 यात्रियों की तुलना में 20 18 796 यात्रियों के आवागमन को संभाला। उन्होंने बताया कि इस दौरान घरेलू यात्रियों की संख्या 14 08 300 और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या 6 10 496 रही। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में वित्त वर्ष 23-24 में घरेलू यात्रियों की संख्या में 16.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसी तरह 4.2 प्रतिशत अधिक लोगों ने अंतरराष्ट्रीय यात्रा की।

पिछले वित्त वर्ष में चार्टर्ड उड़ानें 37.7 प्रतिशत बढ़ीं। मंगलुरु से वर्तमान में प्रतिदिन 44 से 48 उड़ानों को आगमन प्रस्थान हो रहा है। दिसंबर 2023 में हवाई अड्डे ने रिकॉर्ड 2.03 लाख यात्रियों को संभाला जो एक कीर्तिमान है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: