मप्र : केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया

भोपाल, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद थे। पुरी (74) सुबह 11 बजे के कुछ देर बाद विधानसभा भवन पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हुई थी।

भाजपा ने इस सीट से पुरी को मैदान में उतारा है जो एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। मुरुगन ने इस महीने की शुरुआत में केंद्रीय मंत्रिपरिषद और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनका राज्यसभा का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 सीटें हैं लेकिन कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा अदालत के एक आदेश के कारण चुनाव में मतदान नहीं कर सकेंगे। इस वजह से विधानसभा की प्रभावी सदस्य संख्या 229 रह गई है। राज्य में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं।

इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस ने भोपाल में साकेत संत हिरदाराम नगर तुलसी नगर और सराफा चौक समेत कई स्थानों पर पुरी के पुतले जलाए थे। पार्टी ने आरोप लगाया था कि अमेरिका के यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों और पत्राचार में पुरी का नाम सामने आया है।

कांग्रेस इस साल की शुरुआत से ही पुरी के इस्तीफे की मांग कर रही है। पार्टी का दावा है कि अमेरिका में जारी की गई ‘एपस्टीन फाइल्स’ में उनका नाम शामिल है। हालांकि पुरी विपक्षी दल द्वारा लगाए गए आरोपों को पहले ही खारिज कर चुके हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: